राजनगर/अनूपपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजनगर द्वारा सोमवार को रामनगर थाना के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम), कोतमा के नाम रामनगर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह परिहार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 21 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी तथा अन्य कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री आवास के निकट छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में धरना दे रहे थे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान दिल्ली पुलिस ने सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। ज्ञापन में आगे कहा गया है कि उक्त कार्रवाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजनगर के कार्यकर्ताओं ने रामनगर में धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


