गुरु पूर्णिमा पर परम पूज्य रावतपुरा सरकार महाराज के सानिध्य में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता, सिवनी में भी भक्त मंडल कर रहा व्यापक प्रचार-प्रसार
सिवनी/सागर : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को सागर स्थित मनसा पूर्ण बालाजी परिसर में परम पूज्य सद्गुरुदेव भगवान श्री रावतपुरा सरकार महाराज के मंगल सानिध्य में एक करोड़ (कोटी) हरिद्रा कुंकुमार्चन का भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे से होगा।
इस दिव्य अनुष्ठान में मां राजराजेश्वरी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार इस दुर्लभ धार्मिक अनुष्ठान में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के साथ मां राजराजेश्वरी के चरणों में कुंकुमार्चन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार एवं इष्ट मित्रों सहित इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इधर, सिवनी एवं गोपालगंज में भी संत श्री रावतपुरा सरकार भक्त मंडल द्वारा आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग एवं बैनर लगाए जा रहे हैं। भक्त मंडल के सदस्य घर-घर और जनसंपर्क के माध्यम से श्रद्धालुओं को कार्यक्रम में सहपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
यह आयोजन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक विशाल केंद्र बनेगा, जिसमें प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


