जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी और बैटरी चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक विधि-विवादित बालक सहित तीन शातिर वाहन चोरों तथा बैटरी चोरी और चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 दोपहिया वाहन और 4 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में हनुमानताल पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर बकरा मार्केट क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने जितेन्द्र सोनकर उर्फ चील (20) और मुशीर उर्फ मूसा (24) को चोरी की चेतक और एक्टिवा स्कूटर के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने नशे की लत पूरी करने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से कई वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर कुल 7 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 16 वर्षीय विधि-विवादित बालक को चोरी की बाइक बेचने की फिराक में पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर 3 और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
वहीं, ई-रिक्शा से चार बैटरियां चोरी होने के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रथम उर्फ प्रदीप सोनकर (30) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बैटरियां चोरी कर शाहरुख (27) नामक कबाड़ी को बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने शाहरुख को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चारों बैटरियां बरामद कर लीं।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक राजेश पांडेय, एएसआई राजेश मिश्रा तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही।


