सभी विभाग ई-ऑफिस के माध्यम से करें पत्राचार-कलेक्टर
शहडोल 05 अगस्त 2026- नवागत कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक सम्पन्न हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी फाइलें, पत्राचार तथा समय-सीमा के पत्रों का निराकरण ई-ऑफिस के माध्यम से ही करेंगे। उन्होंने कहा कि महीने में निर्माण विभागों, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, कृषि, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक एक साथ आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने बताया कि समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारण्टी, न्यायालयीन प्रकरणों, अंतर विभागीय समन्वय, शासन के पत्रों की प्राथमिकता से समीक्षा की जाएगी। बैठक में संबंधित जिला प्रमुख अधिकारी अनिवार्य रूप से जानकारी के साथ उपस्थित रहेंगे।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्री अंकित ऊके, श्रीमती अन्तोनिआ एक्का सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।


