जबलपुर। नगर निगम शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए 7 अगस्त को पनागर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संभाग क्रमांक-15, सुहागी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित करेगा। शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि शिविर में एक ही स्थान पर नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें पीएम स्वनिधि योजना, संबल योजना, क्रेडिट कार्ड, नल कनेक्शन, आवासीय योजनाएं, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन, बाजार लाइसेंस, फायर एनओसी, भवन अनुज्ञा, विद्युत व्यवस्था तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण शामिल रहेगा। इसके अलावा केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न हितग्राही योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी विभागीय प्रमुखों और संभागीय अधिकारियों को फील्ड में रहकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के मामलों का समयबद्ध निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। साथ ही शहर के सभी उद्यानों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, व्ही.एन. बाजपेयी, सौरभ मिश्रा, अशफाक परवेज कुरैशी, मनोज श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त अंकिता जैन, शिवांगी महाजन सहित सभी विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।


