जबलपुर। शहर के व्यस्त दमोहनाका फ्लाईओवर पर गुरुवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई। फ्लाईओवर से गुजर रहे अधिवक्ता दीपांशु साहू की कार पर एक नकाबपोश युवक ने कथित तौर पर देसी बम फेंक दिया। गनीमत रही कि बम कार के शीशे से टकराने के बावजूद फटा नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और अधिवक्ता सुरक्षित बच गए।
घटना के तुरंत बाद अधिवक्ता दीपांशु साहू बिना घबराए कार से उतरे और भाग रहे आरोपी का पीछा किया। पीछा करते हुए उन्होंने अपने मोबाइल फोन से आरोपी का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, लेकिन आरोपी उन्हें चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अधिवक्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार पर फेंकी गई वस्तु वास्तव में देसी बम थी या कोई अन्य विस्फोटक सामग्री। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।


