बिना नंबर की स्कॉर्पियो से पहुंचे 6-7 नकाबपोश बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदातजबलपुर। बरेला-मंडला मुख्य मार्ग स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन पर सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर कर्मचारियों से 93 हजार 875 रुपये की नकदी लूट ली। करीब 6 से 7 नकाबपोश बदमाश बिना नंबर प्लेट की डार्क ब्लू महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन से पेट्रोल पंप पहुंचे थे। बदमाशों ने कट्टे और धारदार हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 2:37 बजे की है। पेट्रोल पंप पर लखन सोयाम और अभिषेक पटेल नाइट ड्यूटी पर थे। हथियारबंद बदमाशों को देखकर अभिषेक बाउंड्री वॉल कूदकर वहां से भाग निकला। इसके बाद बदमाशों ने लखन सोयाम को कट्टा दिखाकर उसकी जेब से 9,400 रुपये निकाल लिए।
इसके बाद बदमाशों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस के कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ दिया और अंदर रखी दराज से 49,170 रुपये और 35,305 रुपये के दो कैश पैकेट लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई वारदात
पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में नकाबपोश बदमाश वारदात के बाद स्कॉर्पियो से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि वाहन की पीछे की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी थी और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना बीजाडांडी थाना क्षेत्र की मनेरी पुलिस चौकी अंतर्गत मढ़ी गांव की बताई गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक शशांक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मुख्य मार्ग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हथियारबंद लूट की इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


