जबलपुर। रेल मंडल जबलपुर के अंतर्गत आने वाले पिपरिया रेलवे स्टेशन पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान आरपीएफ के प्रधान आरक्षक का पैर फिसल गया और वे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच आ गए। हादसे में उनका दाहिना पैर घुटने के पास से कट गया। गंभीर हालत में उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
घायल आरपीएफ जवान की पहचान विजय शंकर यादव के रूप में हुई है। वे कटनी में पदस्थ हैं और घटना के समय पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक विजय शंकर यादव पेट्रोलिंग के सिलसिले में अमरकंटक एक्सप्रेस से पिपरिया पहुंचे थे। ट्रेन करीब रात 10 बजे विलंब से पिपरिया स्टेशन पहुंची। इसके बाद वे इसी ट्रेन से कटनी वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के रवाना होने के दौरान विजय शंकर यादव बोगी में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए। हादसे में उनका दाहिना पैर घुटने के पास से कट गया।
प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर
घटना के बाद उन्हें तत्काल पिपरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। ड्यूटी डॉक्टर विक्रम पटेल के अनुसार घायल प्रधान आरक्षक को टिटनेस का इंजेक्शन और आवश्यक उपचार देने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस से भोपाल के निजी अस्पताल रेफर किया गया।
चौकी प्रभारी के अनुसार आरपीएफ एएसआई थॉमस घायल जवान को लेकर भोपाल रवाना हुए। घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ कंट्रोल रूम और घायल जवान के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस और रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।


