जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के उदय नगर नंबर-2 के सामने पुलिया के पास नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना व्हीकल फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रांझी थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक (SI) सीताराम बाकोड़े के अनुसार, व्हीकल फैक्ट्री के गार्ड्स ने पुलिस को बताया था कि पुलिया के पास एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद तत्काल एफआरवी टीम को मौके पर भेजा गया।
मौके की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल नवजात की मौत के कारणों और शव यहां किसने छोड़ा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ के साथ अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।


