हंसी-ठिठौली में छींटाकसी बनी वारदात की वजह
जबलपुर। दीनदयाल चौक के पास महफिल बार में काम करने वाली मुस्कान चौधरी की हत्या करने वाला पवन बर्मन पुलिस गिरफ्त में आ गया है। पवन ने पुलिस से दो टूक कहा कि हंसी-ठिठौली के दौरान उस पर छींटाकसी कसी जाती है, जिससे वह परेशान था। वारदात के दौरान भी यही हुआ था, जहां किचन में रखा चाकू उठाकर उसने मुस्कान पर वार किए थे। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डे ने बताया कि गठित टीम द्वारा सरगर्मी से तलाश करते हुये भोला नगर मे दबिश देते हुये आरोपी पंवन बर्मन निवासी ग्राम खिरहनी बरगी हाल निवाासी आईटीआाई माढोताल को अभिरक्षा में लेते हुये पूछताछ करने पर बताया कि काम करते समय चल रही हंसी मजाक के दौरान छींटाकशी करने की बात पर से हुये विवाद के चलते उसने मुस्कान पर चाकू से हमला कर दिया था। आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त करते हुये आरोपी को प्रकरण मे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
ये था मामला
लकी उर्फ राकेश चौधरी निवासी उड़ना पौड़ी पाटन ने बताया कि उसकी छोटी बहन मुस्कान चौधरी महफिल बार कृषि उपज मंडी गेट के सामने लगभग डेढ़ माह से काम करती थी। वह प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे महफिल बार में काम करने बस से जाती थी। शाम लगभग 7.30 बजे बस से वापस आती थी। वह मेन रोड तक बहन को छोड़ने व लेने आता था। 14 अगस्त को शाम लगभग 7 बजे तक बहन वापस नहीं आयी थी। शाम 7.18 बजे उसने बहन मुस्कान के मोबाइल पर कॉल किया। कॉल महफिल बार के कर्मचारी ने उठाया, जिसने बताया कि तुम्हारी बहन मुस्कान को चोट लगी है। उपचार हेतु अस्पताल लेकर गये हैं। कुछ देर बाद उसे कॉल करके मेडिकल कॉलेज बुलाया। वह मां के साथ मेडिकल कॉलेज आया। बहन मुस्कान का शव मर्चुरी में रखा था। बहन के पेट व सीना में 4 जगह धारदार हथियार से मारने के चोट के निशान थे। महफिल बार के स्टाफ ने बताया कि बार में काम करने वाले पवन बर्मन से मुस्कान का विवाद हो रहा था। पवन बर्मन ने किचन में रखे चाकू से मुस्कान को चोटें पहंुचाई, जिससे मुस्कान की मृत्यु हो गई है।


