विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं पौष्टिक आहार की दी जानकारी
शहडोल 23 अगस्त 2026- जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अखिलेश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव की उपस्थिति में मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खोल्हाड़, जिला शहडोल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती भानुप्रिया मेहरा ने विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सरल भाषा में समझाया कि ऐसा स्पर्श जिससे बच्चा सुरक्षित एवं सहज महसूस करे, गुड टच कहलाता है। वहीं ऐसा स्पर्श जिससे असहजता, डर या परेशानी महसूस हो, उसके बारे में तुरंत किसी विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक या जिम्मेदार व्यक्ति को जानकारी देना चाहिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी।
व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व से कराया अवगत
वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर श्रीमती सपना पाण्डेय ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्वच्छता में शरीर, बाल, त्वचा एवं दांतों की नियमित सफाई शामिल है। प्रतिदिन स्नान करना, साबुन से हाथ धोना, साफ कपड़े पहनना तथा दांतों की नियमित सफाई करने से अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन का सेवन करने तथा भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करने की सलाह दी। साथ ही स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वन स्टॉप सेंटर से श्री कुंदन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


