नालसा की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के प्रथम दिवस आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर
पुष्पराजगढ़। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में नालसा की ग्रासरूट स्तर पर 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का शुभारंभ किया गया।
मेगा ड्राइव के प्रथम दिवस तहसील पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंडकी के ग्राम उमरगोहान स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में लीगल एड क्लीनिक की स्थापना के साथ विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को नालसा की विभिन्न योजनाओं तथा नालसा विधिक सेवा योजनाओं 2026 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने, अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं कानूनी जिज्ञासाओं को रखा, जिनका समाधान विधिक जानकारी के माध्यम से किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक कानूनी जागरूकता और निःशुल्क विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि आर्थिक अथवा सामाजिक कारणों से कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
ग्राम स्तर पर स्थापित लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी कानूनी समस्याओं के संबंध में प्रारंभिक मार्गदर्शन एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधिक जानकारी प्राप्त करने में रुचि दिखाई तथा अभियान को उपयोगी बताया।


