बालाघाट, 27 अगस्त 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशालय मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ भोपाल तथा मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर शासकीय शंकर साव पटेल कला, वाणिज्य एवं विधि महाविद्यालय वारासिवनी में गुरुवार 27 अगस्त को देशव्यापी युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेड़ाम के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम प्रभारी श्री कृष्णा पराते के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्री प्रदीप जायसवाल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मिलिंद नागपुरे एवं राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी श्री कुलदीप पटले ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित युवा कनेक्ट संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल हस्तियों एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ संवाद स्थापित किया।
मुख्य अतिथि श्री प्रदीप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को खिलाड़ी की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। खेल भावना से व्यक्तित्व एवं संपूर्ण विकास होता है और युवा देश एवं प्रदेश को विकसित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी श्री कुलदीप पटले का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन तहसील स्तर पर माई भारत के वालंटियर शशांक डोंगरे ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टॉफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


