*कटंगी के चार वार्डों में विकास कार्यों को मिली गति, सीसी रोड एवं नाली निर्माण का भूमिपूजन*
कटंगी। नगर परिषद कटंगी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और वार्डों में अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। नगर के वार्ड क्रमांक 1, 5, 8 एवं 12 में सीसी रोड तथा सीसी नाली निर्माण कार्यों का विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी की मुख्य उपस्थिति एवं तत्कालीन नगर परिषद अध्यक्ष योगेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
*चार वार्डों में अलग-अलग स्थानों पर होगा निर्माण*
नगर परिषद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 में पन्नालाल परते के घर से राधेश्याम वाधाडे के घर तक 3.15 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 5 में शक्ति विद्या मंदिर कटंगी से पाथरवाड़ा मुख्य मार्ग तक 45 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण प्रस्तावित है। यह मार्ग क्षेत्र के रहवासियों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी जोड़ता है।
वार्ड क्रमांक 12 में रत्नेश शर्मा के घर से दिनेश कुर्वे के घर तक 3 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड बनाई जाएगी। वहीं वार्ड क्रमांक 8 में सिवनी रोड पर शाकिर भाई के घर से ठाकुर किराना तक 7 लाख रुपए की लागत से सीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। इस तरह चारों वार्डों में प्रस्तावित कार्यों पर कुल 58.15 लाख रुपए की राशि खर्च होगी।
*सड़क और नाली निर्माण से नागरिकों को मिलेगी सुविधा*
इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद संबंधित वार्डों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ स्थानीय स्तर पर जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से सड़क एवं नाली से जुड़ी जरूरत वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्य शुरू होने से वार्डवासियों में भी प्रसन्नता देखी गई। नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए नगर परिषद एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
*विधायक ने विकास कार्यों को बताया जरूरी कदम*
भूमिपूजन के दौरान क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जाना आवश्यक है। सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं सीधे तौर पर नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित वार्डों के रहवासियों को सुविधा मिलेगी और नगर की व्यवस्थाओं में भी सुधार आएगा।
*जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद*
कार्यक्रम में प्रभारी नगर परिषद अध्यक्ष धर्मकला देशमुख, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश चौकसे, वरुण देशमुख सहित वार्ड पार्षद गायत्री योगराज ठाकरे, सुनीता दिमाक चंद टेभरे, संजय वाघमारे, प्रगति बिसेन,अर्पणा गणेश राऊत, तसलीम परवीन रहमान अंसारी, महेंद्र कटारिया, दागेंद्र राऊत, खेमू कोचर एवं दीपक नागमोते सहित अन्य पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य नगर पालिका अधिकारी राधेश्याम चौधरी, उपयंत्री शिल्पा मेश्राम, लेखपाल अशोक दुबे सहित नगर परिषद कटंगी का समस्त स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहा।


