गौरीघाट में 1 लाख दीपदान की तैयारी
ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में बूथ स्तर पर होंगे कार्यक्रम
जबलपुर। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से जिले में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जायेगा। माह भर का यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में कई गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा करने आज गुरूवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों बैठक आहूत की गई। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत, अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर एवं रविशंकर राय भी मौजूद थे।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बैठक में बताया कि जिले में सेवा संकल्प अभियान के की शुरुआत 17 सितंबर को जिले में वृहद स्तर पर दीपदान के कार्यक्रम से होगी। इस दिन शाम 7बजे गौरीघाट में 1 लाख दीपदान करने की योजना है। श्री सिंह ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को अभी से इसकी तैयारी करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये।
गौरीघाट पर होगा जिला स्तरीय आयोजन-
बैठक में बताया गया कि जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत पर दीपदान का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम गौरीघाट में होगा। कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए दीपों को अलग-अलग क्लस्टर में बांटकर व्यवस्था की जाएगी। लगभग 2-2 हजार दीपों के क्लस्टर बनाए जाएंगे और प्रत्येक क्लस्टर की जिम्मेदारी संबंधित नोडल अधिकारी या टीम को सौंपी जाएगी। प्रत्येक नोडल अधिकारी को निर्धारित संख्या में दीपों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती और कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी।
विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवक होंगे शामिल-
दीप दान के जिला स्तरीय आयोजन में विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें महिला समूह, एनसीसी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, स्काउट्स एवं गाइड्स, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, वन विभाग एवं वन समितियों सहित अन्य सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के लोगों को शामिल किया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। संबंधित विभागों को अपने स्तर पर तैयारियां समय पर पूरी करने तथा हितग्राहियों एवं स्वयंसेवकों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की जनसेवा और विकास के कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाई जायेगी। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाया जायेगा तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प से जनभागीदारी को जोड़ा जायेगा।


