मारपीट के बाद जमीन पर पटकने से हुई थी मौत
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलई में रक्षाबंधन के दिन पारिवारिक विवाद के दौरान अपने ही 65 वर्षीय दादा के साथ मारपीट कर उनकी मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी नाती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।
मारपीट और झूमाझटकी में हुई थी मौत
पनागर थाना प्रभारी विपिन सिंह के अनुसार रक्षाबंधन के दिन ग्राम इमलई में पारिवारिक विवाद को लेकर आरोपी और उसके परिजनों के बीच झूमाझटकी और मारपीट हुई थी। इसी दौरान आरोपी अभिषेक चौधरी ने अपने दादा प्यारेलाल चौधरी को जमीन पर पटक दिया।
गंभीर चोट लगने के बाद प्यारेलाल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
अग्रिम जमानत के लिए लगाई थी अर्जी
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी अभिषेक चौधरी (22), पिता चेतराम चौधरी, निवासी ग्राम इमलई फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इस दौरान उसने न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किया था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
आरोपी की तलाश में लगी पनागर पुलिस टीम को 2 सितंबर को विश्वसनीय सूत्रों से उसके संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल संबंधित ठिकाने पर दबिश दी और अभिषेक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


