जबलपुर। ग्वारीघाट में शुक्रवार को नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड जवानों से भरी मोटरबोट अचानक डूब गई। हादसा उस समय हुआ, जब बरगी बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा घाटों पर जारी अलर्ट के मद्देनजर होमगार्ड की टीम नदी में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज बहाव के बीच मोटरबोट का इंजन खराब हो गया और बोट में पानी भरने लगा। देखते ही देखते मोटरबोट नदी में समा गई।
हादसे के दौरान बोट में सवार जवानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ जवानों ने तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई, जबकि मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने भी कई जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी जवान की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मोटरबोट की क्षमता करीब चार लोगों की थी, जबकि उसमें लगभग 16 जवान सवार थे। हादसे के समय भानु नामक जवान मोटरबोट चला रहा था। क्षमता से कई गुना अधिक जवानों के सवार होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्वारीघाट थाना पुलिस और होमगार्ड विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ जवानों से घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में इंजन खराब होने के बाद बोट में पानी भरने की बात सामने आई है। वहीं, क्षमता से अधिक जवानों को बोट में बैठाए जाने और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।


