जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में WhatsApp अकाउंट हैक कर परिचित के नाम से रुपये मांगने और 45 हजार रुपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार श्रीराम कॉलेज के पास दीक्षित कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय नीतेश कुमार राठौर, जो पेशे से इंजीनियर हैं, ने 12 सितंबर को माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बड़े भाई के WhatsApp नंबर से आया था रुपये मांगने का मैसेज
शिकायतकर्ता के मुताबिक 1 अगस्त 2026 को उनके बड़े भाई राजेश राठौर के WhatsApp नंबर से 45 हजार रुपये मांगने का संदेश आया। परिचित नंबर होने के कारण नीतेश ने बिना संदेह किए फोन-पे के माध्यम से UPI के जरिए 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कुछ देर बाद उनके भाई नितिन राठौर ने फोन कर पूछा कि क्या उन्हें भी पैसे मांगने का मैसेज आया है। नीतेश ने बताया कि मैसेज आया था और वे 45 हजार रुपये भेज भी चुके हैं।
बाद में पता चला अकाउंट हैक होने का दावा
नितिन ने उन्हें बताया कि पैसे मांगने वाला संदेश फर्जी था और इसी तरह के मैसेज अन्य लोगों को भी भेजे जा रहे हैं। परिवार का दावा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने राजेश राठौर का WhatsApp अकाउंट हैक कर यह संदेश भेजा था।
इसके बाद नीतेश को साइबर ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
माढ़ोताल पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित UPI ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


