जबलपुर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में WhatsApp पर आए एक संदिग्ध लिंक को खोलने के बाद शिक्षक के बैंक खाते से 64 हजार रुपये निकलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भीमनगर निवासी 57 वर्षीय प्रमोद कुमार पासी ने 12 सितंबर को ग्वारीघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। वे नवोदय विद्यालय बड़वारा, जिला कटनी में शिक्षक हैं।
अज्ञात नंबर से आया था लिंक
शिकायतकर्ता के मुताबिक 7 सितंबर 2026 को उनके WhatsApp पर एक अज्ञात नंबर से लिंक आया था। लिंक खोलने के कुछ समय बाद मोबाइल पर उनके सेंट्रल बैंक खाते से रुपये निकलने के दो संदेश आए।
इनमें एक ट्रांजेक्शन 50 हजार रुपये और दूसरा 14 हजार रुपये का था।
बैंक स्टेटमेंट से हुई पुष्टि
प्रमोद कुमार पासी ने बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जिसमें कुल 64 हजार रुपये खाते से निकलने की जानकारी सामने आई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से यह रकम निकाल ली।
ग्वारीघाट पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और 308 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध लिंक, संबंधित ट्रांजेक्शन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


