जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरगवां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 60 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चरगवां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक उमरिया-डुंगरिया रोड पर झाड़ियों के पास कच्ची शराब लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी सरोजनी टोप्पो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 12 सितंबर की देर रात उमरिया डुंगरिया भट्टा रोड तिराहा के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक छिपने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम कृपाल गौंड (25) और सुनील गौंड (20), निवासी ग्राम डुंगरिया बताया।
तलाशी लेने पर चार प्लास्टिक के कुप्पों में करीब 60 लीटर कच्ची शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक लाल सिंह सेन, आरक्षक विजय कुमार एवं दीपक घारू की सराहनीय भूमिका रही।


