जबलपुर में चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को पकड़ लिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल द्वारा सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर वायरल होने वाली जबलपुर से संबंधित गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में सोशल मीडिया सेल की टीम ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। वीडियो में दो कारों की खिड़कियों से निकलकर कुछ युवक स्टंट करते दिखाई दे रहे थे।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि वीडियो में नजर आ रही कार के नंबर के आधार पर जांच की गई। कार क्रमांक एमपी 20 सीई 6620 के वर्तमान उपयोगकर्ता की तलाश करते हुए पुलिस साहिल गोस्वामी (20), निवासी स्नेहनगर पटेल मोहल्ला, यादव कॉलोनी तक पहुंची। पूछताछ में साहिल ने बताया कि उसने करीब एक वर्ष पहले कार खरीदी थी। दो दिन पूर्व वह जीरो डिग्री क्षेत्र के पास अपने दोस्तों को कार में बैठाकर चला रहा था, इसी दौरान उसके दोस्तों ने चलती कार में स्टंट किया।
पुलिस ने चालक साहिल के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 3500 रुपए का चालान किया। साथ ही भविष्य में चलती गाड़ी में स्टंट नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। साहिल ने दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया।
कार चालक को तलाशने में प्रधान आरक्षक लालजी, प्रतीक बागरी तथा आरक्षक श्रावण और विनय की सराहनीय भूमिका रही।


