पीएमजीएसवाई की प्राथमिकता सूची में दूसरा क्रम, 2.3 किमी सड़क से स्कूली बच्चों को परेशानी
उगली -जनपद पंचायत केवलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत कनारी से दरबारी टोला तक करीब 2.3 किलोमीटर सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश के दिनों में स्थिति और बिगड़ जाती है। सबसे अधिक परेशानी दरबारी टोला से कनारी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-IV की ब्लॉकवार प्राथमिकता सूची में कनारी-दरबारी टोला मार्ग दूसरे क्रम पर दर्ज है, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह के कार्यकाल में भी सड़क निर्माण का आश्वासन मिला था। वर्तमान विधायक रजनीश सिंह ठाकुर से भी ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग रखी है। अब ग्रामीण आश्वासन के बजाय सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
विधायक बोले—शीघ्र होगा निर्माण
क्षेत्रीय विधायक रजनीश सिंह ठाकुर ने कहा कि यह सड़क विधायक निधि या ग्राम पंचायत स्तर से बनना संभव नहीं है और सड़क पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत भी नहीं आती। सड़क निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र सड़क निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सुचारू आवागमन की सुविधा मिल सके।


