निक्की चौधरी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद, अब तक तीन गिरफ्तार
जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के भानतलैया, मछरासेट की बाड़ी में 4 सितंबर की रात मूर्तिकार मनोज सोनकर उर्फ बाबा (50) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। हनुमानताल पुलिस ने निक्की चौधरी (19), निवासी पंजाब बैंक कॉलोनी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की है। मामले में अब तक दो पुरुष और एक महिला समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले मुख्य आरोपी शुभम मराठा की बहन स्वाति राव उर्फ शीनू और सुमित चौधरी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या पुरानी रंजिश और बदले की भावना से की गई थी। वर्ष 2021 में मनोज सोनकर के बेटों अनिकेत और छोटू पर शुभम और स्वाति के भाई बिट्टू मराठा की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप था। इसी हत्या का बदला लेने के लिए स्वाति राव, उसके पति सुब्बा राव, भाई शुभम और भरत यादव उर्फ चिंटू ने कथित रूप से मनोज की हत्या की साजिश रची थी।
सुमित चौधरी को मनोज की रेकी कर उसकी गतिविधियों की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। 4 सितंबर की रात मनोज मूर्ति बना रहा था, तभी शुभम, भरत और निक्की वहां पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार निक्की चौधरी पिता देवराज, उम्र 19 वर्ष, वारदात के समय मुख्य आरोपी के साथ मौजूद था और उसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर रविंद्र, सब-इंस्पेक्टर राजेश पांडे, एएसआई राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक विनीत और प्रधान आरक्षक सादिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


