29.5 C
Jabalpur
September 15, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

कांग्रेस पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है तेलंगाना पुलिस : केटीआर



हैदराबाद, 15 सितंबर  भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (केटीआर) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना में पुलिस विभाग कांग्रेस पार्टी के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी ज्‍यादा सक्रियता से काम कर रहा है।

उन्होंने सोमवार को हैदराबाद में पुलिस स्टेशन के अंदर बीआरएस के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) महेश मुदिराज और निजी सहायक (पीए) महेंद्र रेड्डी पर हुए हमले की निंदा की।

दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी हताशा में आकर ऐसे हमले करवा रही है।

उन्होंने कहा, “सरकार हताशा और निराशा की स्थिति में है। इसलिए वह हर दिन लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। पिछले 1,000 दिनों से हम जो सवाल उठा रहे हैं, उनका जवाब देने में नाकाम रहने के कारण सरकार ऐसे हमलों का सहारा ले रही है।”

बीआरएस नेता ने कहा कि इससे पहले केसीआर के घर पर हमला किया गया था। वह एक वरिष्ठ नेता हैं, जिन्हें तेलंगाना की जनता ने दो बार मुख्यमंत्री चुना और जिन्होंने तेलंगाना राज्य के गठन के लिए लगातार संघर्ष किया।

उन्होंने कहा, “एक ऐसे नेता के घर पर हमला किया गया जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तेलंगाना के लिए लड़ाई लड़ी। जब हम हमले को रोकने के लिए वहां गए, तो हमें पुलिस स्टेशन के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया और हम पर भी हमला करने की कोशिश की गई।”

उन्होंने दावा किया कि सोमवार को सरकार ने फिर से पुलिस स्टेशन के अंदर ही लगभग 15 लोगों का इस्तेमाल करके उनके पीआरओ और पीए पर हमला करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, “पुलिस स्टेशन के अंदर हमला करने की कोशिश करने वाले लोग कौन थे-गुंडे या पुलिस? यह पता लगाया जाना चाहिए कि सादे कपड़ों में आकर उन पर हमला करने वाले लोग कौन थे। जब हमने अपने लोगों पर हुए हमले के संबंध में एफआईआर दर्ज करने की मांग की, तब भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया।”

रामा राव ने आरोप लगाया कि पुलिस उन लोगों का साथ दे रही है जिन्होंने पुलिस स्टेशन के अंदर हमला किया और एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारे वरिष्ठ नेता, विधायक और पूर्व मंत्री वहां मौजूद थे और उन्होंने पांच घंटे तक पुलिस से एफआईआर दर्ज करने का बार-बार अनुरोध किया। फिर भी, पुलिस ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।”

उन्होंने कहा, “आज तेलंगाना में स्थिति इतनी खराब है कि पुलिस एफआईआर तक दर्ज करने को तैयार नहीं है। हम इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। मुझे उम्मीद है कि अदालत के जरिए न्याय मिलेगा।”

बीआरएस नेताओं ने पहले सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्ट किया था कि तेलंगाना पूरी तरह से अराजकता की कगार पर है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “लिंचिंग हमेशा हत्या के तौर पर शुरू नहीं होती। कभी-कभी यह पूरी तरह से काम कर रहे पुलिस स्टेशन के अंदर, वर्दी पहने अधिकारियों के सामने सोच-समझकर किए गए हमले के रूप में शुरू होती है। जिस तरह से सरकारी तंत्र गुंडागर्दी को बढ़ावा दे रहा है और उसे होने दे रहा है, मुझे चिंता है कि बहुत जल्द हम सड़कों पर लिंचिंग की घटनाएं देखेंगे।”

उन्होंने कहा, “मेरे पीआरओ महेश और पीए महेंद्र रेड्डी के साथ पुलिस स्टेशन के अंदर जो हुआ, वह तेलंगाना के किसी भी ऐसे नागरिक के साथ हो सकता है जो जुल्म के आगे नहीं झुकेगा।”

अन्य ख़बरें

राष्ट्रपति ली ने की तुर्कमेनिस्तान की सराहना, ईरान संकट के समय नागरिकों की सुरक्ष‍ित न‍िकासी के ल‍िए जताया आभार

Newsdesk

हिंग्लिश हिंदी का अंत नहीं, नई यात्रा का पड़ाव : अवधेश वर्मा

Newsdesk

आरबीआई को वीआरआरआर नीलामी में 3.93 लाख करोड़ रुपए की बोलियां मिलीं

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading