प्लेटफार्म नंबर-1 पर रिलैक्स मशीन शुरू, यात्रियों को मिलेगी थकान से राहतअनूपपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक यात्री सुविधाओं से विकसित किए जा रहे अनूपपुर रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा में एक और नया इजाफा हुआ है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर मुख्य गेट के बाईं ओर अब रिलैक्स मशीन के माध्यम से बॉडी मसाज की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इसके लिए यात्रियों को मात्र 50 रुपये खर्च करने होंगे।
स्टेशन पर उपलब्ध इस सुविधा का उपयोग कर देखा गया, जिसमें रिलैक्स मशीन के माध्यम से शरीर के विभिन्न हिस्सों की मसाज की जाती है। लंबी रेल यात्रा के बाद थके हुए यात्रियों अथवा ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह सुविधा कम समय और कम खर्च में शरीर को रिलैक्स करने का एक विकल्प उपलब्ध कराती है।
सामाजिक कार्यकर्ता जी. सूर्या राव उर्फ गुन्डू राव ने बताया कि अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर लगातार यात्री सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मात्र 50 रुपये में बॉडी मसाज जैसी आधुनिक सुविधा उपलब्ध होना यात्रियों के लिए निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे थकान कम करने और कुछ समय आराम महसूस करने में सुविधा मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ यात्रियों की मूलभूत जरूरतों और सुविधा का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है। इस दिशा में ऐसी सुविधाओं का जुड़ना स्टेशन को अधिक यात्री-केंद्रित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है।
गौरतलब है कि अनूपपुर रेलवे जंक्शन क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में खान-पान, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। रिलैक्स मशीन की सुविधा शुरू होने से स्टेशन की यात्री सुविधाओं में एक और नया अध्याय जुड़ गया है।


