*पुलिस की निष्क्रियता से चोरों के हौसले बुलंद,अशोक कॉलोनी में वारदात से भय व दहशत का माहौल*
कटनी। पुलिस की निष्क्रिय कार्यशैली से समूचे जिले में चोरों के हौसले बुलंद है,
शहर की पॉश कालोनियों में शामिल कोतवाली क्षेत्र की अशोक कॉलोनी में दवा व्यवसायी एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि पंकज शर्मा के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने भवन के चार कमरों के इंटरलाक तोडे और आलमारी का सामान फैलाकर सोने चांदी के जेवरात नगदी पार कर दिया। शर्मा परिवार के बाहर होने से अभी चोरी का आंकलन नहीं किया जा सका है ।
सीसी टीव्ही कैमरे में कैद अज्ञात बदमाश रात करीब 2 बजे घर में घुसे और डेढ घंटे बाद घर से बाहर निकले। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया डाग स्कवॉड फिंगर प्रिंट स्पेशललिस्ट द्बारा जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि दवा व्यवसायी पंकज शर्मा अपने पुत्र का एडमिशन कराने पत्नी व पुत्र के साथ मकान में ताला लगाकर पुणे गए हुए हैं। इसी का फायदा बदमाशो ने उठाया और देररात उनके सूने मकान में धावा बोला और बड़े इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए मकान के अंदर से नगदी, सोने चांदी के जेवर सहित अंदर से लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए। वारदात की जानकारी आज सुबह उस समय लगी जब दवा व्यवसायी पंकज शर्मा ने अपने घर काम करने वाली युवती को फोन करके घर जाकर पेड़ पौधों में पानी डालने के लिए बोला। बताया जाता है कि युवती जैसे ही पौधों में पानी देने दवा व्यवसायी पंकज शर्मा के घर पहुंची तो उसके होश उड़ गए क्योंकि मकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। युवती ने तत्काल इसकी जानकारी फोन पर दवा व्यवसायी पंकज शर्मा को दी। जिसके बाद वारदात की जानकारी पुलिस को दी गयी। वारदात को अंजाम देते हुए चोर अपने साथ क्या क्या सामान नगदी और जेवर ले गए इस बात का पता भी दवा व्यवसायी पंकज शर्मा के वापस लौटने पर पता चलेगा। बहरहाल पॉश कॉलोनी में वारदात से भय व दहशत का माहौल है।
*चड्डी -बनियान गिरोह पर पुलिस का संदेह*
पाश कालोनी में हुई सनसनीखेज लाखों की चोरी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंदाजा लगाया है कि संभवत: चड्डी बनियान गिरोह द्बारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया होगा।पुलिस यदि रेलवे स्टेशन पांच नबर प्लेटफार्म की ओर सीसी टीव्ही कैमरों को खंगाले तो चोरों का सुराग लग सकता है।हालांकि पुलिस द्बारा चोरों की पतासाजी की जा रही है।


