सी टाइम्स,खैरलाँजी । गणेश उत्सव की शुरुआत के साथ ही खैरलाँजी मुख्यालय का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। क्षेत्र में जगह-जगह भगवान श्री गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। रंग-बिरंगी सजावट और सजे-धजे पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।गणपति की स्थापना के साथ ही पंडालों में पूजा-अर्चना और आरती का सिलसिला शुरू हो गया है। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठता है। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक, हर वर्ग में गणेश उत्सव को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।कहीं आकर्षक साज-सज्जा तो कहीं भव्य पंडालों के बीच विराजे गणपति श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। स्थानीय गणेश उत्सव समितियों द्वारा भी उत्सव को यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। आने वाले दिनों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से उत्सव का रंग और गहरा होने की उम्मीद है।आस्था, उमंग और उत्साह के इस संगम में खैरलाँजी मुख्यालय इन दिनों गणपति भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है।


