आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी शुरुआत, पीजी कॉलेज में रक्तदान शिविर भी
बालाघाट 16 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। बालाघाट जिले में अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा। अभियान के तहत जिलेभर में सेवा, सद्भाव, जनकल्याण और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
गांवों से शहर तक जलेंगे 1.36 लाख दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिले के प्रमुख एवं आइकॉनिक स्थलों के साथ गांवों और नगरीय क्षेत्रों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिले में कुल 1 लाख 36 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 79 हजार तथा नगरीय क्षेत्रों में 57 हजार दीप जलाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड और गांवों में परिवारों को इस आयोजन से जोड़कर सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिलेवासियों से अपने घरों पर भी एक दीप जलाकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई है।
शंकर घाट पर 5000 दीपों से सजेगा वैनगंगा तट
बालाघाट नगरीय क्षेत्र में वैनगंगा नदी के तट स्थित शंकर घाट पर 17 सितंबर को 5000 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। नगरीय क्षेत्र बालाघाट में कुल 22 हजार 600 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। शंकर घाट के अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए बूढ़ी में निर्मित कॉलोनी एएचपी साईड में 500, शहर की सडको के डिवाईडर पर 200, मोतीगार्डन में 500, अटल उद्यान में 500 और नगर के प्रत्येक वार्ड में 500-500 दीप प्रज्ज्वलन किये जाएंगे। 17 सितम्बर को सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका बालाघाट द्वारा प्रात: 07 बजे से मोती गार्डन में सामुहिक श्रमदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। श्रमदान के पश्चात नगरीय निकाय के सफाई मित्रों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस अवसर पर पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को राशि वितरण भी किया जाएगा।
पीजी कॉलेज में रक्तदान शिविर
सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को पीजी कॉलेज बालाघाट में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। शिविर के लिए ब्लड बैंक, रेडक्रॉस और जिला चिकित्सालय के समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आम नागरिकों और युवाओं से अपील की गई है कि वे रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जीवनरक्षा में अपना योगदान दें। रक्तदान को सेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेने का आग्रह किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के नागरिकों से सेवा-संकल्प अभियान में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य की यात्रा में सभी अपना योगदान दें। बालाघाट में भी अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।


