23 विद्यालयों के 219 प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
खन्नौधी। ग्राम भारती शहडोल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर खन्नौधी में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 23 विद्यालयों के 219 प्रतिभागियों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में वंदे मातरम् गायन, भजन, गीत, गीता पाठ, रंगोली एवं नृत्य सहित विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
दो दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक मूल्यों का उत्कृष्ट परिचय दिया। प्रतियोगिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा संवर्धन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं संस्कार निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
वहीं खेल प्रतियोगिताओं में शिशु एवं बाल वर्ग के भैया-बहनों ने कबड्डी, खो-खो, तवा फेंक, गोला फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद तथा 100, 200, 400 एवं 600 मीटर दौड़ में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कबड्डी एवं खो-खो में विद्यालयों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
बाल वर्ग भैया कबड्डी में सरस्वती शिशु मंदिर आखेटपुर विजेता तथा सरस्वती शिशु मंदिर खन्नौधी उपविजेता रहा। बाल वर्ग बहन कबड्डी में सरस्वती शिशु मंदिर खन्नौधी ने विजेता का स्थान प्राप्त किया।
बाल वर्ग भैया खो-खो में सरस्वती शिशु मंदिर नगनौडी विजेता तथा सरस्वती शिशु मंदिर उकसा उपविजेता रहा। बाल वर्ग बहन खो-खो में सरस्वती शिशु मंदिर बरकोडा विजेता तथा सरस्वती शिशु मंदिर आखेटपुर उपविजेता रहा।
वहीं शिशु वर्ग कबड्डी एवं खो-खो दोनों स्पर्धाओं में सरस्वती शिशु मंदिर पोड़ीकला विजेता रहा।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को पुरस्कार प्रदान
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों एवं आयोजन समिति द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सचिव इंजी. श्री पुष्पेन्द्र पटेल जी विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोषाध्यक्ष श्री श्रीधर गर्ग, पूर्व जिला सचिव श्री ब्रजेश पांडेय, सदस्य श्री पारसनाथ गुप्ता, विद्यालय व्यवस्थापक श्री गजेंद्र चतुर्वेदी, संयोजक श्री एस.पी. तिवारी, श्री प्रवीण द्विवेदी एवं श्री शुभम जिला अंकेक्षण प्रमुख श्री महावीर शर्मा, जिला समन्वयक श्री नागेन्द्र पटेल एवं प्रधानाचार्य श्री अमरनाथ साहू जी श्री सिद्धनाथ गुप्ता, श्री कामता पटेल, श्री सुरेश पटेल, श्री आशीष पाठक, श्री रोहित साहू, श्री हंसराज पटेल एवं श्री छोटेलाल प्रजापति सहित आचार्य एवं दीदी अन्य गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्री शुभम माली एवं उनकी पूरी टीम ने निष्पक्षता एवं कुशलता के साथ निभाई।
कार्यक्रम का संचालन श्री विकास द्विवेदी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरेंद्र पटेल ने किया।


