जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बस चालकों, परिचालकों सहित आम नागरिकों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में उप परिवहन आयुक्त मणिन्द्र सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रिंकू शर्मा तथा देवजी नेत्रालय दादा वीरेन्द्रपुरी नेत्र संस्थान के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। चिकित्सकीय टीम ने आईएसबीटी परिसर में मौजूद 275 से अधिक बस चालकों, परिचालकों और नागरिकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया।
नेत्र जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की गई तथा जरूरत के अनुसार लोगों को चिकित्सकीय परामर्श और आंखों की देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। उप परिवहन आयुक्त मणिन्द्र सिंह एवं आरटीओ रिंकू शर्मा ने नेत्र परीक्षण कराकर शिविर के उद्देश्य और स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।
शिविर के माध्यम से वाहन चालकों को विशेष रूप से नियमित नेत्र जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया, ताकि दृष्टि संबंधी समस्या के कारण सड़क सुरक्षा प्रभावित न हो। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य परिवहन से जुड़े लोगों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।


