27.5 C
Jabalpur
September 22, 2026
सी टाइम्स
मनोरंजनराष्ट्रीय

राष्ट्रपति मुर्मु गुजरात में 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी

नई दिल्ली,  72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मंगलवार को गुजरात के एकता नगर में दिए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भारतीय सिनेमा में 2024 की उपलब्धियों के लिए ये प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगी। यह समारोह पहली बार राष्ट्रीय राजधानी के बाहर आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि केंद्र सरकार इस कार्यक्रम को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जा रही है। कन्नड़ सिनेमा में योगदान और पांच दशकों से अधिक लंबे करियर के लिए अनुभवी कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग को 2024 का दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। सरकार ने इस महीने की शुरुआत में दादा साहब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर इस पुरस्कार की घोषणा की थी। 1954 में शुरू किए गए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फीचर फिल्मों, नॉन-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन में बेहतरीन काम को सम्मानित करते हैं।

इन पुरस्कारों में भारत की विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और सिनेमाई शैलियों की फिल्मों और फिल्म निर्माण को शामिल किया जाता है। 2024 फिल्म वर्ष के प्रमुख पुरस्कारों में, ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के रूप में चुना गया है, जबकि ‘भंगार’ ने सर्वश्रेष्ठ नॉन-फीचर फिल्म का पुरस्कार जीता है और ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का खिताब मिला है। ममूटी और कार्तिक आर्यन को क्रमशः ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए ‘बेस्ट एक्टर इन ए लीडिंग रोल’ (मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) का अवॉर्ड मिलेगा। वहीं, यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए ‘बेस्ट एक्ट्रेस इन ए लीडिंग रोल’ (मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री) चुना गया है। रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए ‘बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर’ (निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फिल्म) का अवॉर्ड मिलेगा। इन अवॉर्ड्स में कई ऐसी फिल्मों को भी सम्मानित किया जाएगा, जो कमर्शियली सफल रही हैं और जिनकी क्रिटिक्स ने भी तारीफ की है। ‘कल्कि 2898 एडी’ ने ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट’ (बेहतरीन मनोरंजन देने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म) का अवॉर्ड जीता है, जबकि ‘अमरन’ के लिए निर्देशक राजकुमार पेरियासामी को ‘बेस्ट डायरेक्शन’ (सर्वश्रेष्ठ निर्देशन) का अवॉर्ड मिला है।

‘कैप्टन मिलर’ को ‘बेस्ट फीचर फिल्म प्रमोटिंग नेशनल, सोशल एंड एनवायर्नमेंटल वैल्यूज’ (राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म) के तौर पर सम्मानित किया गया है। अलग-अलग कैटेगरी में सम्मान पाने वाली दूसरी फिल्मों में ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘स्त्री 2’ शामिल हैं। इन अवॉर्ड्स में मराठी, संथाली, तमिल, मलयालम, तेलुगु, कन्नड़, तुलु और गढ़वाली जैसी भाषाएं भी शामिल हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, इन अवॉर्ड्स के इतिहास में पहली बार किसी संथाली फिल्म को ‘नॉन-फीचर फिल्म’ कैटेगरी में सम्मानित किया जाएगा। एकता नगर में होने वाला यह समारोह सूचना और प्रसारण मंत्रालय के उस फैसले का हिस्सा है, जिसके तहत भविष्य के नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को सिर्फ दिल्ली तक सीमित न रखकर अलग-अलग राज्यों और शहरों में आयोजित किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि इस कदम से भारतीय सिनेमा का जश्न अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के करीब आएगा और देश की भाषाई, सांस्कृतिक और सिनेमाई विविधता को बढ़ावा मिलेगा।

अन्य ख़बरें

ऑनलाइन बाल सुरक्षा पर बड़ा कदम : गूगल सीधे भारत सरकार को देगा बाल यौन शोषण मामलों की रिपोर्ट

Newsdesk

‘हिंदुओं के खिलाफ बोलने से इज्जत नहीं बढ़ेगी’, हामिद अंसारी पर यासिर जिलानी का जुबानी हमला

Newsdesk

विदेश मंत्री जयशंकर और विसेग्राड-4 देशों की बैठक, भारत को उभरती हुई सुपरपावर बताया

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading