जबलपुर। मेडिकल कॉलेज के समीप शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित भोजनालय में जा घुसी। हादसे में कार सवार अधिवक्ता शिवम शर्मा की मौत हो गई, जबकि कार चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा के अनुसार वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 4 बजे भोजनालय खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर भोजनालय में जा घुसी। कार में शिवम शर्मा और शरद कुमार दुबे सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भोजनालय में सो रहे तीन लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे भी कार की चपेट में आकर घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता शिवम शर्मा कार क्रमांक एमपी 20 सीके 0199 से जसूजा सिटी में अपने दोस्त शरद कुमार दुबे से मिलने जा रहे थे। मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्यूरी गेट के पास कार अनियंत्रित होकर भोजनालय में घुस गई।
कार में मिली शराब की बोतल
हादसे के बाद कार की जांच में शराब की एक बोतल मिली। हालांकि कार सवारों ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस कार की रफ्तार, चालक की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है।


