जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के शास्त्री वार्ड में बिजली के तार को लेकर हुए विवाद में युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पार्षद के पति के रिश्तेदार समेत दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता मोनू खान ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 से 11:15 बजे उसके घर के सामने बिजली का तार गिर गया था। बिजली विभाग के कर्मचारी तार सुधारने पहुंचे और तार जोड़ने के दौरान वह घर से सट गया। मोनू के बड़े पापा शहीद सिद्दीकी ने क्षेत्रीय पार्षद के पति मतीन अंसारी से तार को घर से अलग करवाने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी बात को लेकर मतीन अंसारी के रिश्तेदार आबिद अंसारी ने मोनू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-घूंसों से मारपीट की। शिकायत में पेट के दाहिने हिस्से में किसी नुकीली वस्तु से वार कर चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
मोनू ने पार्षद समा परवीन पर भी गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक आबिद अंसारी और समा परवीन ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(b), 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।


