22.9 C
Jabalpur
September 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

भोलानगर मर्डर केस का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के भोलानगर में 26 सितंबर को हुए गोलीकांड में एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने के मामले में पुलिस ने आरोपी राजा सोनकर को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, भोलानगर में गोली लगने से घायल युवकों को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल लाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। यहां करन की गोली लगने से मौत होने की जानकारी मिली, जबकि घायल अंकित रैकवार को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंची पुलिस को अंकित रैकवार ने घटना के संबंध में जानकारी दी।

अंकित के अनुसार, वह अपने परिचित राजा सोनकर के यहां काम करता है। 26 सितंबर को वह करन के साथ राजा सोनकर के भोलानगर स्थित मकान पर गया था। वहां ऊपर बने हॉल में राजा सोनकर बैठा था। कुछ देर बाद लेमा गार्डन निवासी सिद्धांत अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा। इसी दौरान राजा का परिचित ऋषि सोनकर भी हॉल में आया।

अंकित ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान राजा सोनकर ने खरगौन से एक ऑटोमेटिक पिस्टल आने की बात कहते हुए उसे दिखाने की बात कही। इसके बाद उसने पलंग के बॉक्स से पिस्टल निकाली। पुलिस के अनुसार, पिस्टल की मैगजीन लंबी थी और उसे करन की ओर तानने के दौरान अचानक कई गोलियां चल गईं।

पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से करन के बाएं कंधे में दो तथा दाहिने पैर में एक गोली लगी। इसके बाद राजा सोनकर और सिद्धांत करन को स्कूटर से उपचार के लिए ले जाने निकले। बाद में राजा सोनकर का बेटा प्रिंस और एक अन्य परिचित उसे विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से करन को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान करन उर्फ अभिज्ञान इवराडे (19), निवासी शंकर नगर, मदर टेरेसा के पास के रूप में हुई है।


पुलिस ने अंकित रैकवार की रिपोर्ट पर धारा 103(1), 109(1) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाषचंद बघेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तलाश करते हुए आरोपी राजा सोनकर (42) को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस द्वारा उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विवेचना जारी है।

अन्य ख़बरें

केरल विधानसभा हंगामे के 11 साल बाद, 3 नवंबर से शुरू होने जा रहा शीर्ष वामपंथी नेताओं का मुकदमा

Newsdesk

राहुल गांधी भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह न करें: महापौर

Newsdesk

लक्जरी सिगरेट चोरी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading