अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के वैवाहिक जीवन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार ने सुनीता के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गोविंदा के साथ कथित रिश्ते को लेकर चर्चा में रही कोमल ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा बयान साझा किया। हालांकि, उन्होंने अपने संदेश में सुनीता या गोविंदा का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनका बयान मौजूदा विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है।
कोमल ने अपने बयान में कहा कि जो घर पहले से टूटा हुआ हो, उसे कोई दूसरा व्यक्ति नहीं तोड़ सकता। उन्होंने लिखा, जो औरत अपने ही पति को वर्षों से जान से मारने की कोशिश कर रही हो, ऐसी औरतों की बद्दुआएं किसी को नहीं लगतीं। जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसमें कोई घर तोडऩे वाला नहीं हो सकता। उन्होंने आगे कहा कि देश के लोग इतने नासमझ नहीं हैं कि किसी के कह देने भर से किसी के पीछे चल पड़ें। कोमल ने यह भी सवाल उठाया कि निजी वैवाहिक विवाद को सार्वजनिक मंच पर क्यों लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि कोई व्यक्ति अपने दर्द को दूर करने के बजाय उसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित क्यों कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यह वास्तव में दर्द है या फिर किसी सोची-समझी योजना का हिस्सा।अपने बयान में कोमल ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को लगातार मानसिक रूप से परेशान करना, उसे काम करने से रोकना, घर पर बैठने के लिए मजबूर करना और उसे पूरी तरह अकेला कर देना कहां तक उचित है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार कोई समर्पित पत्नी अपने पति के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकती।
कोमल ने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस तरह का व्यवहार लोगों की सहानुभूति हासिल करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में सुनीता से उनका नाम अपने कथित उद्देश्य के लिए इस्तेमाल नहीं करने को कहा और लिखा कि भगवान हर अच्छे व्यक्ति को ऐसी चालाक महिलाओं से बचाए।कोमल की यह प्रतिक्रिया सुनीता आहूजा के दक्षिणेश्वर काली मंदिर जाने के एक दिन बाद सामने आई। सुनीता शुक्रवार को कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंची थीं। वहां उन्होंने अपने निजी जीवन में चल रही परेशानियों को लेकर मीडिया से बात की और महिलाओं तथा नई पीढ़ी के युवाओं से उनका समर्थन करने की अपील की थी।
सुनीता ने कहा था, जितने भी नई पीढ़ी के बच्चे और महिलाएं हैं, मुझे समर्थन दीजिए। जो मेरे साथ हो रहा है, वह अच्छा नहीं हो रहा है। मेरा घर बिना किसी वजह के टूट रहा है। उनके इस बयान के बाद गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा मिली।विवाद की पृष्ठभूमि में गोविंदा और कोमल रानी की हालिया सार्वजनिक मौजूदगी भी चर्चा में रही है। 22 सितंबर को दोनों मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए साथ पहुंचे थे। इससे पहले उसी दिन सुनीता आहूजा भी अकेले वहां दर्शन के लिए गई थीं। इसके बाद गोविंदा और कोमल की तस्वीरें और वीडियो सामने आने लगे।हालांकि, गोविंदा और कोमल के बीच प्रेम संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्टों में दोनों को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, गोविंदा ने कोमल के साथ अपनी मुलाकात को अपनी आगामी फिल्म ‘रूपा से जुड़ा बताते हुए कहा था कि वह फिल्म के लिए प्रार्थना करने लालबागचा राजा पहुंचे थे।फिलहाल कोमल रानी के बयान और सुनीता आहूजा की सार्वजनिक टिप्पणियों के बाद गोविंदा के निजी जीवन को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। दोनों पक्षों के बयानों के बीच इस विवाद में लगाए गए निजी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


