जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने सोमवार को संभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने शासन के प्रमुख कार्यक्रमों और प्राथमिक अभियानों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। कम प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन से संबंधित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सेवा से संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने निर्धारित समय सीमा में सभी गतिविधियां पूरी कराने, नियमित मॉनिटरिंग करने और पोर्टल पर प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि को आगामी रबी सीजन की तैयारियों के लिए खाद की आवश्यकता का आकलन कर नियमानुसार अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने सतत निगरानी के निर्देश दिए। पीएचई विभाग को एकल नल-जल योजनाओं के शेष कार्य समय सीमा में पूरा कर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में शिक्षा, जनजातीय कार्य, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नगरीय प्रशासन, मंडी, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि और निर्माण सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं से लगातार संवाद कर समस्याओं का समुचित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।


