जबलपुर। शहर के व्यस्ततम उखरी चौक पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहलपुर निवासी अलका पांडे (30) मंगलवार दोपहर उखरी चौक से गुजर रही थीं। इसी दौरान लिटिल वर्ल्ड स्कूल की बस क्रमांक MP 20 PA 1092 वहां से निकली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और इसी दौरान महिला उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद महिला बस के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल-100 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात सामान्य कराया और बस को जब्त कर लिया। चालक से पूछताछ के साथ पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
स्कूल बसों की रफ्तार पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल बसों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नागरिकों का कहना है कि बच्चों को ले जाने वाली बसों के चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पुलिस और यातायात विभाग से शहर में संचालित स्कूल बसों की स्पीड, फिटनेस और चालकों की निगरानी की व्यवस्था सख्ती से जांचने की मांग उठ रही है।


