जबलपुर। तिलवारा के छोटे पुल पर सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 19-20 वर्षीय एक युवती अचानक पुल पर पहुंची और नर्मदा नदी के गहरे पानी में छलांग लगा दी। युवती को बचाने के लिए नाविक ने प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में चली गई और बह गई। पुलिस देर शाम तक उसकी पहचान के प्रयास में जुटी रही।
तिलवारा पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 बजे नर्मदा नदी के घाट किनारे कुछ लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवती छोटे पुल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शी नाविक चिंटू बर्मन के मुताबिक युवती ने पुल से नदी में छलांग लगाने से पहले कुछ कहते हुए पानी में छलांग लगा दी। उसे नदी में कूदता देखकर नाविक ने तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवती गहरे पानी में जा चुकी थी।
सूचना मिलते ही तिलवारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने युवती के संबंध में मर्ग कायम कर उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार युवती की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष है। घटना के समय उसने नीले रंग की जींस और लाल रंग का टॉप पहन रखा था। उसके बाएं हाथ में धागा बंधा हुआ था।
बंद पुल पर आवाजाही बनी चिंता
घटना के बाद तिलवारा के छोटे पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पुल बंद होने के बावजूद यहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में पुल पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। पुलिस युवती की पहचान के साथ घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


