जबलपुर। शहर के ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण और नगरीय सौंदर्यीकरण की दिशा में नगर निगम द्वारा अधारताल तालाब परिसर को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधारताल तालाब का स्थल निरीक्षण कर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने तालाब किनारे की जा रही पिचिंग, पेवर ब्लॉक बिछाने, गार्डेनिंग और पौधरोपण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ कराए जाएं। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
निगमायुक्त ने तालाब के आसपास खाली पड़ी भूमि को सुनियोजित तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गार्डेनिंग और सघन पौधरोपण के माध्यम से पूरे परिसर को हरा-भरा और आकर्षक स्वरूप दिया जाए। इससे तालाब क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ नागरिकों को भ्रमण और विश्राम के लिए स्वच्छ एवं मनोरम वातावरण मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने संबंधित कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री और ठेकेदार को शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


