जबलपुर। शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गोरखपुर तहसील के ग्राम ललपुर में 0.110 हेक्टेयर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश और एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार को यह कार्रवाई की गई। खसरा नंबर 24/3 की शासकीय भूमि पर कथित रूप से शिवानंद महाराज द्वारा अवैध कब्जा कर स्थायी निर्माण कर लिया गया था।
तहसीलदार राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अमले ने जेसीबी मशीन की सहायता से मौके पर किए गए स्थायी निर्माण को हटाकर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
अधिकारियों के अनुसार शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व, नगर निगम और पुलिस का अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


