जबलपुर। गढ़ा फाटक क्षेत्र में 25 सितंबर को रविदास समाज के वरिष्ठ समाजसेवी मुन्नीलाल अहिरवार के परिवार पर हुए कथित तलवार से हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को रविदास समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों से मामले में नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि घटना में परिवार की महिला सदस्य इमरती देवी पर तलवार से हमला किया गया, जबकि दीपक अहिरवार का हाथ तोड़ दिया गया और परिवार के दो अन्य सदस्यों के सिर में चोटें आई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना की फुटेज भी उपलब्ध है, इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्रतिनिधियों ने पुलिस से कथित काउंटर केस की निष्पक्ष जांच कराने और शहर में अवैध शराब व नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
एसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधियों को पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में टीआई और सीएसपी से चर्चा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करने तथा नवरात्रि के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस प्वाइंट लगाने की बात कही गई।


