छात्राओं से संवाद कर जानी पढ़ाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने आज नीमखेड़ा स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मैस पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता भी जांची।
कलेक्टर ने छात्राओं से सीधे संवाद कर छात्रावास में मिलने वाले भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से विद्यालय तक आने-जाने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। साथ ही पढ़ाई-लिखाई और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर छात्राओं से चर्चा की।
छात्राओं से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में छात्राओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास के समीप नवनिर्मित ट्रायबल छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए इसके व्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं को शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण के साथ भोजन, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।


