मॉडल स्कूल में जिला स्तरीय शुभारंभ, जबलपुर में करीब 10 लाख हितग्राहियों को दवा देने का लक्ष्य
जबलपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को शासकीय पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. भरत कुमार खटीक और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने छात्र-छात्राओं को कृमिनाशक गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, एनीमिया एवं कुपोषण की रोकथाम और नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने के महत्व की जानकारी दी। डॉ. भरत कुमार खटीक ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। इसकी रोकथाम के लिए दवा के साथ व्यक्तिगत और आसपास की स्वच्छता भी जरूरी है। बच्चों को नाखून छोटे व साफ रखने, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, खुले में शौच से बचने, फल-सब्जियां धोकर खाने और स्वच्छ पानी का उपयोग करने की सलाह दी गई।
सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि शरीर में मौजूद कृमि पोषक तत्वों को अवशोषित कर लेते हैं, जिससे बच्चों में पोषक तत्वों की कमी, एनीमिया, शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा और एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ता है।
अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों तथा 20 से 49 वर्ष की महिलाओं को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य है। गर्भवती और धात्री महिलाओं को अभियान में शामिल नहीं किया गया है। जिले में करीब 10 लाख हितग्राहियों को दवा देने का लक्ष्य रखा गया है। जो पात्र हितग्राही 6 अक्टूबर को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 9 अक्टूबर के मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र व्यक्ति को दवा सेवन से वंचित न रहने देना है।


