जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, हजारों लोग हुए शामिलजबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में बुधवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में करीब 3 किलोमीटर लंबी पैदल ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में आमजन शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
यात्रा की शुरुआत गुलौआ चौक से हुई। इसके बाद यात्रा आनंद कुंज तिराहा, गौतम जी की मढ़िया होते हुए वापस गुलौआ चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में लोगों में उत्साह नजर आया और बड़ी संख्या में नागरिकों ने इसमें सहभागिता की।
समापन अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने यात्रा में शामिल नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कड़ी धूप के बावजूद जिस उत्साह और उमंग के साथ लोगों ने यात्रा में सहभागिता की, वह प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और सहभागिता से ही यह यात्रा सफल हो सकी है।
मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन अद्भुत है और उनके मार्गदर्शन को आत्मसात करते हुए सभी को आगे बढ़ना है।
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, महामंत्री पंकज दुबे सहित पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


