*नाले और जंगल में छिपाकर रखा करीब 2 क्विंटल महुआ लहान नष्ट, 15 पाव प्लेन शराब जब्त_
सी टाइम्स कुरई- जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरई थाना क्षेत्र की चौकी बादलपार पुलिस ने ग्राम बेलटोला एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 2 क्विंटल महुआ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया। वहीं खाखरा क्षेत्र से 15 पाव प्लेन शराब भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बेलटोला क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से हाथभट्टी महुआ शराब तैयार की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने बेलटोला के समीप नाले, तालाब एवं आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान अलग-अलग डिब्बों में छिपाकर रखा करीब 2 क्विंटल महुआ लहान बरामद हुआ। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री भी पुलिस को मिली। पुलिस टीम ने मौके पर ही महुआ लहान एवं अन्य सामग्री को नष्ट कर दिया।
इसी कार्रवाई के दौरान खाखरा क्षेत्र में दिनेश वर्मा के कब्जे से 15 पाव प्लेन शराब जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 1500 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त कुछ लोग मौके पर नहीं मिले। पुलिस द्वारा मामले में संबंधित लोगों की पहचान एवं तलाश की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ललित गठरे एवं कुरई थाना प्रभारी कृपाल शाह टेकाम के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बादलपार इंजन सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई योगेंद्र सिंह ठाकुर एवं आरक्षक राजेंद्र कटरे की भूमिका रही।


