26.5 C
Jabalpur
October 8, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

दुर्गोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर और एसपी ने ली आयोजकों की बैठक


पंडालों की सुरक्षा, जुलूस, यातायात और डीजे को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
जबलपुर। आगामी दुर्गोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को शाम 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने दुर्गा उत्सव समितियों के आयोजकों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, प्रतिमा विसर्जन, जुलूस और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कलेक्टर और एसपी ने समिति आयोजकों से कहा कि दुर्गोत्सव आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी समितियां प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने दुर्गा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, विद्युत वायरिंग और कनेक्शन में सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आग या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।
प्रतिमा स्थापना और विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूसों के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने की हिदायत दी गई। आयोजकों से कहा गया कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों, समय और ध्वनि सीमा के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं से बचने और ऐसी सामग्री को आगे साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गोत्सव के दौरान शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में एडीएम रविशंकर राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, जितेन्द्र सिंह, अंजना तिवारी, अखिलेश तिवारी, पल्लवी शुक्ला, बीएस गोठरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी एवं अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। दुर्गा उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने तथा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

अन्य ख़बरें

सचिन वाजे की लग्जरी लाइफस्टाइल पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने जताई हैरानी, एनआईए से मांगा आय और संपत्ति का ब्यौरा

Newsdesk

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी शराब की दुकानें, प्रशासन ने जारी किया आदेश

Newsdesk

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सन फार्मा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर की चर्चा*

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading