जबलपुर। करीब साढ़े चार सौ करोड़ रुपए की लागत से विस्तारित डुमना एयरपोर्ट को एक और झटका लगा है। इंडिगो एयरलाइंस ने जबलपुर से इंदौर होते हुए हैदराबाद जाने वाली उड़ान को 24 अक्टूबर से बंद करने का निर्णय लिया है। आगामी शीतकालीन उड़ान समय-सारणी में इस सेवा को जगह नहीं मिली है। यह जबलपुर और इंदौर के बीच संचालित होने वाली एकमात्र सीधी हवाई सेवा थी।
बताया जा रहा है कि छोटे एटीआर विमान के रखरखाव के चलते यह उड़ान बंद की जा रही है। हालांकि, जबलपुर-हैदराबाद मार्ग पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 78 सीटों वाले विमान की जगह 186 सीटों वाला बड़ा विमान संचालित करने की तैयारी है।
व्यापारिक गतिविधियां होंगी प्रभावित
जबलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेम दुबे ने उड़ान बंद होने को शहर के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसका असर पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और उद्योग सहित कई क्षेत्रों पर पड़ेगा। व्यापारियों के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण है और वे कम समय में दूसरे शहरों तक पहुंचने के लिए हवाई सेवाओं पर निर्भर रहते हैं।
दुबे के मुताबिक, जबलपुर से इंदौर की हवाई यात्रा में करीब दो घंटे लगते हैं। उड़ान बंद होने के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग अथवा अन्य विकल्प अपनाने पड़ेंगे, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ेंगे।
कनेक्टिंग उड़ान शुरू करने का सुझाव
प्रेम दुबे ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार पर चार सौ करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए हैं, ऐसे में उड़ानों का शुरू होकर बंद होना चिंता का विषय है। उन्होंने जबलपुर-इंदौर सेवा को पूरी तरह बंद करने के बजाय जबलपुर-इंदौर-अहमदाबाद या जबलपुर-इंदौर-पुणे जैसे कनेक्टिंग रूट शुरू करने का सुझाव दिया। इससे यात्रियों को बड़े शहरों तक पहुंचने के बेहतर विकल्प मिलेंगे और एयरपोर्ट का उपयोग भी बढ़ सकेगा।


