सी टाइम्स गोपालगंज- गांव में बढ़ते शराब के चलन के खिलाफ अब महिलाएं खुलकर मैदान में उतर आई हैं। लखनवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालगंज के ग्राम दतनी में करीब आधा सैकड़ा महिलाओं ने एकजुट होकर नशा मुक्ति रैली निकाली और शराब बनाने व बेचने वालों को दो टूक चेतावनी दी। महिलाओं ने साफ कहा कि गांव में शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रैली के दौरान महिलाओं ने पूरे गांव में घूमकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से परिवारों का माहौल बिगड़ रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर पढ़ने वाले बच्चों तथा बहू-बेटियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए अब महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी और शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।
महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चली पुलिस
महिलाओं की इस मुहिम को उस समय और मजबूती मिली, जब लखनवाड़ा थाना प्रभारी सीके सिरामे पुलिस स्टाफ के साथ ग्राम दतनी पहुंचे और रैली में शामिल हुए। थाना प्रभारी ने महिलाओं के नशा मुक्ति संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और भरोसा दिलाया कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि शराब बनाने, बेचने और अवैध रूप से पीने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि गांव में कहीं शराब बनाई या बेची जा रही है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।
सूचना देने वाले को 1100 रुपये का इनाम
थाना प्रभारी सीके सिरामे ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि अवैध शराब बनाने या बेचने वालों की सूचना देकर उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 1100 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि वे बेझिझक अवैध शराब से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। थाना प्रभारी ने कहा कि “लखनवाड़ा पुलिस आपके साथ खड़ी है।”
महिलाओं की एकजुटता बनी चर्चा का विषय
दतनी गांव की महिलाओं की इस पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने गांव के बच्चों और परिवारों के भविष्य को नशे की गिरफ्त में नहीं जाने देंगी। रैली के दौरान महिलाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
रैली में लखनवाड़ा थाना प्रभारी सीके सिरामे, आरक्षक अमित रघुवंशी, महिला आरक्षक अंकिता उइके, महिला आरक्षक प्रिया नागेश, 112 वाहन के गगन डेहरिया, पायलट अभिषेक डोंगरे, ग्राम कोटवार सपना मेश्राम, संदीप उइके सहित बड़ी संख्या में ग्राम दतनी की महिलाएं मौजूद रहीं।
महिलाओं की यह हुंकार अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय है—गांव को नशामुक्त बनाने की लड़ाई में मातृशक्ति ने साफ कर दिया है कि शराब के खिलाफ उनका अभियान अब रुकने वाला नहीं है।


