दुबई, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले में घायल हुए कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत में अब तेजी से सुधार हो रहा है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, मच्छार ने कई दिनों बाद बुधवार को पहली बार अस्पताल में करीब 10 कदम चलकर अपनी बेहतर होती स्थिति का संकेत दिया। फिलहाल वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई स्थित एक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इससे पहले उनका अबू धाबी के अस्पताल में इलाज चल रहा था।फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के भीतर क्रैश कुल्हाड़ी से कैप्टन मच्छार पर हमला किया था। कुल्हाड़ी उनके सिर पर लगी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर हुआ। घटना के बाद मच्छार कॉकपिट के फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़े दिखाई दिए थे।
विमान के सऊदी अरब में उतरने के बाद मच्छार को तत्काल तबुक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अगले दिन उन्हें हवाई मार्ग से अबू धाबी ले जाया गया, जहां उनकी आपातकालीन शल्य चिकित्सा की गई।संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को बताया था कि उसके अधिकारी कैप्टन मच्छार, उनके परिवार और चिकित्सकों के लगातार संपर्क में हैं। दूतावास ने उनकी हालत में लगातार सुधार होने और तेजी से स्वस्थ होने की जानकारी दी थी। मच्छार के परिवार के सदस्य भी इस समय उनके साथ दुबई में मौजूद हैं।
कैप्टन स्मित मच्छार ने हमले के बावजूद दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाया था। विमान में करीब 150 इजरायली यात्री सवार थे। हमले के बाद भी विमान को सुरक्षित रूप से उतारना कैप्टन की महत्वपूर्ण भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।हमले के आरोपी सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी को संयुक्त अरब अमीरात की पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया है। घटना की जांच जारी है।


