महापौर ने दोनों नई आधुनिक मशीनों से शुरू कराया पैंचवर्क का कार्यजबलपुर। शहर के देवतुल्य नागरिकों और त्यौहारों के दौरान निकलने वाले श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शहर की सड़कों को समय रहते गड्ढामुक्त करने के उद्देश्य से महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने शहर के सभी प्रमुख सड़कों पर दोनों नई अत्याधुनिक मशीनों से पैंचवर्क के कार्य तेजगति से शुरू कराया है। इस संबंध में महापौर श्री अन्नू ने बताया कि समय रहते सभी सड़कों के पैंचवर्क पूर्ण कर लिये जायेगें। इसके लिए बहुत तेजगति से कार्य कराये जा रहे हैं।
नई तकनीक से काम में आई तेजी और मजबूती
महापौर श्री अन्नू ने बताया कि इन अत्याधुनिक मशीनों की मदद से पैंचवर्क का कार्य न केवल कम समय में पूरा होगा, बल्कि मरम्मत की गुणवत्ता भी काफी बेहतर रहेगी। मशीनें सड़क की सतह को त्वरित गति से समतल कर आधुनिक तरीके से डामरीकरण और फिलिंग का काम करती हैं, जिससे पैंचवर्क उखड़ने की संभावना बेहद कम हो जाती है। आने वाले त्यौहारों को देखते हुए शहर के प्रमुख पूजा पंडालों, मंदिरों, झांकी मार्गों और विसर्जन स्थलों से जुड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है। सड़कों के समतल होने से दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। पैचवर्क का काम आधुनिक मशीनों से त्वरित गति से होने के कारण सड़कों पर लंबे समय तक निर्माण कार्य रुका नहीं रहेगा, जिससे जाम की स्थिति नहीं बनेगी। निगम का लक्ष्य त्यौहारों की शुरुआत से पहले सभी व्यस्त सड़कों और सार्वजनिक मार्गों को पूरी तरह दुरुस्त करना है। महापौर श्री अन्नू ने स्पष्ट किया कि नगर प्रशासन नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नई तकनीकों के जुड़ने से न केवल शहर की सड़कों की सूरत सुधरेगी, बल्कि त्यौहारों का उत्साह भी नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम रहेगा। इस अवसर पर महापौर के साथ नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, लोकनिर्माण प्रभारी एम.आई.सी. सदस्य विवेक राम सोनकर, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, संभागीय यंत्री आशीष पाटकर आदि उपस्थित रहे।


